पटना/बिहार कारोबार न्यूज । देश के वरिष्ठ नागरिकों के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री वय वंदना योजना पेंशन स्कीम 4 मई 2017 से शुरू की है। एलआईसी को योजना का प्रबंधक बनाया गया है। योजना में शामिल होने के लिए उम्र 60 साल व उससे अधिक है। आम बजट 2018 के अनुसार वरिष्ठ नागरिक पेंशन प्लान को 31 मार्च, 2020 तक ले सकते हैं। शुरू में योजना को सिर्फ एक साल के लिए शुरू किया गया था। स्कीम 10 साल के लिए 8 से 8.3 फीसदी ब्याज पर उपलब्ध है।
निवेश राशि व पेंशन : पेंशन के लिए न्यूनतम निवेश राशि 1,50,000 रुपये और अधिकतम राशि 15,00,000 रुपये है। ब्याज दर मासिक पेंशन के लिए 8 प्रतिशत व वार्षिक पेंशन के लिए 8.3 प्रतिशत है। न्यूनतम मासिक पेंशन 1000 रुपये व अधिकतम पेंशन 10000 रुपये है। न्यूनतम वार्षिक पेंशन 12450 रुपये व अधिकतम पेंशन 124500 रुपये है। इसके अलावा तिमाही व छमाही भी पेंशन लेने का विकल्प है।
सुविधाएं : तीन साल के बाद निवेश राशि की 75 फीसदी लोन की सुविधा है। पाॅलिसी अवधि के दौरान पेंशनर की मौत होने पर लाभार्थी को पूरी निवेश राशि मिल जाएगी। पेंशनर या उनकी पत्नी को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए प्री मैच्यूरिटी निवेश राशि का 98 प्रतिशत मिलेगा। इसी तरह 10 वर्ष पूरा होने तथा पेंशनर के जीवित रहने पर निवेश राशि अंतिम पेंशन के साथ मिल जाएगी।