नई दिल्ली । वित्त मंत्रालय ने एनएससी और पीपीएफ जैसी स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में 1 जनवरी, 2018 से 0.2 फीसदी की कटौती की है। अप्रैल, 2016 से लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में तिमाही आधार पर बदलाव हो रहा है।
पांच साल की वरिष्ठ नागरिक सेविंग्स स्कीम पर ब्याज दर 8.3 फीसदी व सेविंग्स डिपॉजिट्स पर ब्याज 4 फीसदी बरकरार है। वित्त मंत्रालय ने एक नोटिफिकेशन में कहा कि एनएससी, सुकन्या समृद्धि स्कीम, किसान विकास पत्र, पब्लिक प्रॉविडेंट फंड, एमआईएस, आरडी एवं टीडी खातों पर ब्याज दरों में 0.2 फीसदी की कमी की गई है।
नोटिफिकेशन के मुताबिक जहां पीपीएफ और एनएससी पर 1 जनवरी, 2018 से ब्याज 7.6 प्रतिशत होगा, वहीं केवीपी व एमआईएस के लिए दर 7.3 प्रतिशत होगा। केवीपी में जमा राशि अब 118 माह में दोगुनी होगी। सुकन्या समृद्धि स्कीम में ब्याज 8.1 फीसदी होगा।
पांच वर्षीय आरडी खातों पर ब्याज जहां 6.9 फीसदी, वहीं टीडी खातों पर 5, 3, 2 एवं 1 वर्षों के लिए ब्याज दर क्रमशः 7.4, 6.9, 6.7 एवं 6.6 फीसदी है।