नई दिल्ली/एजेंसी । एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (एमएफ) दो साल के बाद फिर से देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) बन गई है। एचडीएफसी ने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड को पीछे छोड़ दिया है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर,2018 अंत तक एचडीएफसी एमएफ प्रबंधन के पास 3.35 लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्ति थी । जबकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल के पास 3.08 लाख करोड़ रुपये थी ।
एसबीआई एमएफ 2.64 लाख करोड़ रुपये के साथ तीसरे, आदित्य बिड़ला 2.42 लाख करोड़ रुपये के साथ चौथे और रिलायंस एमएफ 2.36 लाख करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर है । एएमएफआई के मुताबिक दिसंबर तिमाही के अंत तक देश के म्यूचुअल फंड उद्योग के प्रबंधन के तहत 23.61 लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्ति थीं।
एचडीएफसी की परिसंपत्ति अक्टूबर से दिसंबर,2018 अवधि के दौरान पिछली तिमाही की तुलना में 9 फीसदी बढ़ी । इस दौरान आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ का एयूएम 0.6 प्रतिशत कम हुआ । एचडीएफसी अक्टूबर, 2011 से सबसे बड़ी एएमसी थी । मार्च, 2016 में आईसीआईसीआई शीर्ष स्थान पर पहुंच गई थी ।