नई दिल्ली। बीमा नियामक इंश्योरेंस रेगुलेटरी डेवलपमेंट अथाॅरिटी ऑफ इंडिया (आईआरडीएआई) ने बीमा कंपनियों से बाढ़ प्रभावित राज्यों में बीमा धारकों के दावों के निपटारे में तेजी लाने का निर्देश दिया है। बाढ़ से कई राज्यों में जानमाल के नुकसान की खबर है। वित्त मंत्रालय ने भी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत विभिन्न पॉलिसी के तहत दावों का निपटारा शीघ्र करने को कहा है।
आईआरडीएआई ने जीवन बीमा कंपनियों के सीईओ को भेजे पत्र में कहा है कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात जैसे राज्यों में जानमाल के नुकसान की रिपोर्ट है। इससे संबंधित दावों के शीघ्र निपटारे के लिए तत्काल कदम उठाएं।
बाढ़ में मृतकों का शरीर नहीं मिलने के कारण मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने में समस्या हो रही है। इस सबंध में बीमा कंपनियों को 2015 में चेन्नई में आयी बाढ़ में अपनायी गयी प्रक्रिया का पालन करने के लिए कहा गया है। साथ ही साप्ताहिक आधार पर राज्यवार प्रगति रिपोर्ट भी मांगी गई है। साधारण बीमा एवं स्वास्थ्य बीमा कंपनियों को भी दावों के निपटारे में तेजी लाने के लिए कहा गया है।