नई दिल्ली/एजेंसी। गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में जनवरी 2020 में शुद्ध निवेश 202 करोड़ रुपये रहा है। यह निवेश दिसंबर, 2012 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। उस समय इसमें 474 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था।
दुनिया के विभिन्न हिस्सों में उभरे राजनीतिक तनाव और वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती को देखते हुए निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। यह लगातार तीसरा महीना रहा,जब गोल्ड ईटीएफ में शुद्ध निवेश आया है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार जनवरी में गोल्ड ईटीएफ में 202 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ। इससे पिछले महीने यह निवेश 27 करोड़ रुपये था। नवंबर में इसमें 7.68 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था। हालांकि, अक्टूबर में स्वर्ण ईटीएफ से 31.45 करोड़ रुपये की निकासी हुई थी। सितंबर में इन कोषों में 44 करोड़ रुपये और अगस्त में 145 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था।