मुख्य समाचार

नवसृजित पटना साहिब डाक प्रमंडल एवं लोहियानगर प्रधान डाकघर का लोकार्पण 

पटना। नवसृजित पटना साहिब डाक प्रमंडल एवं लोहियानगर प्रधान डाकघर का लोकार्पण केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये किया। साथ ही बेगूसराय प्रधान डाकघर भवन एवं मुजफ्फरपुर पार्सल हब का लोकार्पण, खुसरूपुर उप डाकघर एवं भागलपुर डाक क्षेत्रीय कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया।

नवसृजित पटना साहिब डाक प्रमंडल में एक प्रधान डाकघर, 42 उप डाकघर एवं 202 शाखा डाकघर हैं। इसे पटना प्रमंडल के 28 उप डाकघर, 123 शाखा डाकघर एवं नालंदा प्रमंडल के 14 उप डाकघर, 79 शाखा डाकघर को विभाजित कर बनाया गया है। पटना साहिब डाक प्रमंडल के अंतर्गत सभी डाकघर डिजिटल प्लेटफाॅर्म पर सभी सेवाएं देने में सक्षम हैं।

लोहियानगर प्रधान डाकघर के अंतर्गत 42 उप डाकघर एवं 202 शाखा डाकघर हैं। इससे पहले पटना जिला में प्रधान डाकघर के रूप में पटना जी. पी. ओ. एवं बांकीपुर ही था। लोहियानगर उप डाकघर के प्रधान डाकघर में उत्क्रमित हो जाने से इस क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा होगी। 

इस मौके पर खुसरूपुर उप डाकघर के नये भवन का शिलान्यास भी किया गया। खुसरूपुर उप डाकघर पटना जिला के पुराने डाकघरों में है। यह डाकघर पहले पटना प्रमंडल के अंतर्गत आता था। विभाजन के बाद यह उप डाकघर नवनिर्मित पटना साहिब प्रमंडल के अंतर्गत आ गया है। इस डाकघर से एक लाख आबादी को सेवा दी जा रही है। 

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री नंद किशोर यादव एवं सुरेश कुमार शर्मा, चीफ पोस्टमास्टर जनरल अनिल कुमार, कई सांसद एवं विधायक मौजूद थे।     
 


संबंधित खबरें