मुख्य समाचार

सॉवरेन गोल्ड बांड स्कीम एक फरवरी से, मूल्य 4912 रुपये प्रति ग्राम 

मुंबई। सॉवरेन गोल्ड बांड 2020-21 की 11वीं सीरीज एक फरवरी से 5 फरवरी, 2021 तक खुली है। बांड का मूल्य 4912 रुपये प्रति ग्राम है। इससे पहले दसवीं सीरीज में कीमत 5104 रुपये प्रति ग्राम थी।    

आरबीआई ने ऑनलाइन आवेदन एवं डिजिटल भुगतान करने वाले निवेशकों को प्रति ग्राम 50 रुपये की छूट देने का निर्णय लिया है। ऐसे निवेशकों के लिए 11वीं सीरीज गोल्ड बांड का मूल्य 4862 रुपये प्रति ग्राम होगा। 

गोल्ड बांड योजना की शुरुआत नवंबर 2015 में हुई थी। इसका उद्देश्य लोगों को फिजिकल सोने की खरीद को कम एवं बांड स्कीम से जोड़कर वित्तीय निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है। 

बांड पर सालाना 2.5 प्रतिशत ब्याज निर्धारित है। स्कीम आठ साल के लिए है, लेकिन पांच साल के बाद इससे निकलने की सुविधा है। 

कोई भी व्यक्तिगत निवेशक एवं एचयूएफ एक वित्तीय वर्ष में न्यनूतम एक ग्राम और अधिकतम चार किलो सोना के लिए निवेश कर सकते हैं। ट्रस्ट एवं अन्य संस्थानों के लिए अधिकतम खरीद सीमा 20 किलो है। निवेश से प्राप्त ब्याज टैक्सेबल होगा।  

बांड स्कीम की खरीद काॅमर्शियल बैंक, स्टाॅक होल्डिंग काॅरपोरेशन, चुनिंदा डाकघर, स्टाॅक एक्सचेंज बीएसई एवं एनएसई से की जा सकती है।  
 


संबंधित खबरें