रेडिमेड कपड़े बनाने वाली कंपनी आरके इंडस्ट्रीज की नई यूनिट का शुभारंभ मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने किया। यह यूनिट पटना जिले के सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र (बिहटा) में है।
आरके इंडस्ट्रीज के निदेशक किरण अग्रवाल ने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग से मात्र चार माह में यह यूनिट शुरू हो गई। बिहार में उपलब्ध कुशल मानव संसाधन का लाभ हमें मिलेगा। इस यूनिट की डिजाइन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पुरुष परिधान (शर्ट) के लिए की गई है।
मुख्य सचिव ने सुझाव दिया कि कंपनी महिला कार्यबल को सशक्त बनाने के लिए जीविका समूह के साथ समन्वय करे। उन्होंने कंपनी को बिहटा में वस्त्र निर्माण एवं प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए भी प्रोत्साहित किया।
आरके इंडस्ट्रीज वर्ष 1973 से कपड़ों के उत्पादन एवं निर्यात से जुड़ी है। बिहटा यूनिट के पहले चरण में 100 कर्मियों को जोड़ा गया है। इनमें लगभग 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। 3-4 महीनों में 300 और कर्मियों की नियुक्ति की योजना है। अगले 18 महीनों में यूनिट का विस्तार 1200 कर्मचारियों तक हो जाएगा।