नई दिल्ली/एजेंसी। वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनी मॉर्गन स्टेनले ने कहा कि अगस्त में घरेलू बाजार में म्यूचुअल फंड में रिकॉर्ड 3.9 अरब डॉलर का निवेश हुआ। यह अब तक किसी भी महीने म्यूचुअल फंड में सर्वाधिक निवेश है। मॉर्गन स्टेनले के अनुसार अगस्त लगातार 17 वां महीना रहा, जिसमें पूंजी का प्रवाह सकारात्मक रहा है। इस महीने घरेलू शेयर बाजार में म्यूचुअल फंड में 3.9 अरब डॉलर का निवेश हुआ।
एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) को मिलाने के बाद निवेश का आंकड़ा 4.1 अरब डॉलर रहा था। इस साल अब तक म्यूचुअल फंड में 18.6 अरब डॉलर का निवेश हुआ है जबकि ईटीएफ में 2.6 अरब डॉलर का निवेश आया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) के पास 3.5 अरब डॉलर के शेयर होने की उम्मीद है जबकि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने शेयरों में निवेश की सीमा 2017-18 में बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। ईपीएफओ द्वारा शेयरों में निवेश करने की सीमा 2016-17 में 10 प्रतिशत थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि एनपीएस की पेंशन संपदा जुलाई के अंत में 30 अरब डॉलर रही थी। हमारा आकलन है कि ईपीएफओ वित्तीय वर्ष 2018 में 250-300 अरब डॉलर का निवेश कर सकता है। इनमें से 57 अरब डॉलर का निवेश इस साल अब तक किया जा चुका है।