नई दिल्ली/एजेंसी। शेयर ब्रोकरों के एक समूह की आपत्ति के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने भेजे गये संदेश में सुधार किया। संदेश में निवेशकों से कहा गया था कि वह ब्रोकरों के पास प्रतिभूति या राशि नहीं रहने दें। समूह ने इस तरह के संदेश को उत्पादकता के विरुद्ध बताया और इसे ब्रोकरों के प्रति अविश्वास पैदा करने वाला कहा।
एसोसिएशन ऑफ नेशनल एक्सचेंज मेंबर्स ऑफ इंडिया ने एनएसई से इस संदेश को तत्काल सुधारने की अपील की। इसके बाद एनएसई ने इसके शब्द बदल दिये और आपत्तिजनक हिस्सा हटा दिया।
एनएसई ने संशोधित संदेश में कहा कि बेहतर चलन के हिसाब से आपको सलाह दी जाती है कि आप अपने ब्रोकर के साथ मासिक अथवा तिमाही आधार पर शेयरों के लेनदेन का हिसाब निबटा लें। एक्सचेंज ने इससे पहले जो संदेश भेजा गया था उसमें कहा गया था कि ब्रोकरों के पास कभी भी राशि या प्रतिभूति को पड़े न रहने दें और उनके साथ मासिक अथवा त्रैमासिक आधार पर अपना हिसाब पूरा कर लें।
ब्रोकर संघ ने शेयर बाजार और नियामक से आग्रह किया है कि कुछ गड़बड़ी करने वाले ब्रोकरों की वजह से पूरे ब्रोकर समुदाय को बदनाम करने का काम नहीं करें। ब्रोकर समुदाय शेयर बाजार में अनुपालन, जानकारी देने और समग्र रूप से पारदर्शिता बरतने के लिए काफी मेहनत कर रहा है।