नई दिल्ली । वित्त मंत्रालय अटल पेंशन योजना में अधिकतम उम्र सीमा 50 साल करने पर विचार कर रहा है। अभी 40 साल तक के उम्र वाले ही पेंशन स्कीम ले सकते हैं। अधिकतम पेंशन राशि भी 5 हजार से बढ़ाकर 10 हजार प्रतिमाह करने पर विचार हो रहा है।
अटल पेंशन योजना को आकर्षक बनाने के लिए पेंशन फंड रेगुलेटरी डेवलपमेंट अथाॅरिटी (पीएफआरडीए) ने वित्त मंत्रालय को कुछ सुझाव भेजे हैं। वित्तीय मामलों के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि पीएफआरडीए ऐसे विभिन्न निवेश पर भी विचार कर रहा है, जिनमें अधिक रिटर्न प्राप्त हो। सभी सुझावों पर सावधानी पूर्वक गौर किया जायेगा।
उन्होंने बैंकों से भी कहा है कि वह अटल पेंशन योजना को बढ़ाने के लिए नये उपाय खोजें। इसके लिए बैंक मुद्रा लाभार्थी, स्वयं सहायता समूह के सदस्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में इसका विस्तार कर सकते हैं। देश में 5 करोड़ मुद्रा ऋण योजना के लाभार्थी हैं। इनमें 20 प्रतिशत को भी योजना के तहत लाया जाता है, तो लक्ष्य हासिल हो सकता है।
अटल पेंशन योजना की घोषणा 2015 के बजट में हुई थी । 9 मई 2015 को कोलकाता में स्कीम को लांच किया गया था । योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों पर केंद्रित है ताकि उन्हें सामाजिक सुरक्षा मिल सके।