मुख्य समाचार

शेयरों में म्यूचुअल फंड का निवेश घटा, जनवरी-अक्टूबर में आयी गिरावट

नई दिल्ली/एजेंसी । शेयर बाजार में म्यूचुअल फंड निवेश 2019 के पहले 10 महीने में घटकर 55,700 करोड़ रुपये रहा। इसकी वजह खुदरा निवेशकों की म्यूचुअल फंड में भागीदारी का कम होना है। सेबी के आंकड़ों के अनुसार फंड मैनेजर ने 2018 के जनवरी-अक्टूबर के दौरान 1.12 लाख करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे थे।

प्राइम इनवेस्टर डॉट इन के सह संस्थापक विद्या बाला ने कहा कि खुदरा निवेशकों का म्यूचुअल फंड में निवेश एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में कम हुआ है। इसके परिणामस्वरूप म्यूचुअल फंड की तरफ से शेयर बाजारों में निवेश कम हुआ है। 

उन्होंने कहा बाजार की नई ऊंचाई पर पहुंचने के साथ खुदरा निवेशकों ने अपनी संपत्ति पर कोई सकारात्मक प्रभाव नहीं पाया। इसका कारण तेजी का कुछ चुनिंदा शेयरों तक सीमित रहना है। जब तक खुदरा निवेशक निवेश के लिए आगे नहीं आते, आने वाले समय में यह प्रवृत्ति बनी रह सकती है।

सैमको के प्रमुख ओम केश्वर सिंह ने कहा कि हालांकि प्रति महीने शेयरों में निवेश सकारात्मक रहा है, लेकिन अगर हम सिस्टमेटिक इनवेस्टमेंट प्लान (सिप) को हटा दें, तो यह प्रवाह नकारात्मक हो जाता है यानी निवेश कम हुआ है।

सिप के जरिए निवेशक निश्चित राशि निश्चित अवधि पर लगाते हैं। इस साल 55,700 करोड़ रुपये के निवेश में से अधिकतर निवेश जुलाई-सितंबर के दौरान हुए। फंड मैनेजर ने इस दौरान जहां शुद्ध रूप से 43,500 करोड़ रुपये का निवेश किया, वहीं विदेशी निवेशकों ने इन तीन महीनों में 22,400 करोड़ रुपये की निकासी की।
 


संबंधित खबरें