नई दिल्ली। वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन योजना प्रधानमंत्री वय वंदना योजना (पीएमवीवीवाई) में आधार को अनिवार्य कर दिया गया है। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक योजना का लाभ लेने के लिए आधार संख्या या फिर आधार सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी देना जरूरी होगा। अधिसूचना आधार अधिनियम के तहत जारी की गई है।
योजना में शामिल होने के लिए उम्र 60 साल एवं उससे अधिक है। आम बजट 2018 के अनुसार वरिष्ठ नागरिक पेंशन प्लान को 31 मार्च, 2020 तक ले सकते हैं। शुरू में योजना को सिर्फ एक साल के लिए शुरू किया गया था। स्कीम 10 साल के लिए 8 से 8.3 फीसदी ब्याज पर उपलब्ध है। योजना का संचालन एलआईसी करती है।
निवेश राशि व पेंशन : पेंशन के लिए न्यूनतम निवेश राशि 1,50,000 रुपये और अधिकतम राशि 15,00,000 रुपये है। ब्याज दर मासिक पेंशन के लिए 8 प्रतिशत व वार्षिक पेंशन के लिए 8.3 प्रतिशत है। 8 फीसदी ब्याज पर न्यूनतम मासिक पेंशन 1000 रुपये एवं अधिकतम 10000 रुपये है। 8.3 प्रतिशत ब्याज पर न्यूनतम वार्षिक पेंशन 12450 रुपये एवं अधिकतम पेंशन 124500 रुपये है। इसके अलावा तिमाही व छमाही भी पेंशन लेने का विकल्प है।