मुख्य समाचार

ईपीएफ पर ब्याज 8.5 प्रतिशत देने की सिफारिश, दो किस्तों में होगा भुगतान

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने 2019-20 के लिए भविष्य निधि पर ब्याज 8.5 प्रतिशत देने की सिफारिश केंद्र सरकार से की है। मिली जानकारी के अनुसार ईपीएफ के केंद्रीय बोर्ड ने 2019-20 के ब्याज को दो किस्तों में देने का फैसला किया है। 8.50 प्रतिशत की तय दर में फिलहाल 8.15 प्रतिशत और बाद में 0.35 फीसदी का भुगतान किया जाएगा। 

ईपीएफ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की बैठक श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष कुमार गंगवार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सचिव हीरालाल सामरिया एवं केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त सुनील बरठवाल भी मौजूद थे। 

कोविड-19 से उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय बोर्ड ने ब्याज दर से संबंधित एजेंडे की समीक्षा की। इसने केंद्र सरकार को 8.50 प्रतिशत की समान दर रखने की सिफारिश की है। इसमें 31 दिसंबर, 2020 तक ईटीएफ की बिक्री और ऋण आय से 8.15 प्रतिशत और शेष 0.35 प्रतिशत (पूंजीगत लाभ) शामिल होगा। दिसंबर 2020 में केंद्रीय न्यासी बोर्ड की पुन: बैठक होगी। इसमें भविष्य निधि अंशधारकों के खातों में 0.35 प्रतिशत की दर से ब्याज की बकाया राशि के  भुगतान पर चर्चा होगी। 
 


संबंधित खबरें