पटना नगर निगम के 200 करोड़ रुपये के बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में पहली बार लिस्टिंग हुई। लिस्टिंग समारोह का आयोजन पटना के ताज सिटी सेंटर में हुआ।
बॉन्ड की अवधि 10 वर्ष है। निवेशकों को 9.20 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलेगा। इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च और एक्यूट रेटिंग्स एंड रिसर्च ने AA/Stable की रेटिंग दी है। बॉन्ड से मिली राशि का उपयोग पटना शहर की विकास परियोजनाओं पर होगा।
लिस्टिंग समारोह के मौके पर सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, NSE के हेड (प्रोडक्ट एंड बिजनेस डेवलपमेंट) कृष्णन अय्यर, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने NSE की टीम को बिहार आकर राज्य के विकास में सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने पटना नगर निगम की पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि म्युनिसिपल बॉन्ड से प्राप्त राशि का उपयोग ऐसी परियोजनाओं में होना चाहिए, जिनसे नियमित राजस्व प्राप्त हो। बिहार के अन्य नगर निगम को भी इस दिशा में पहल करनी चाहिए। सभी विभाग को अपनी कार्यप्रणाली व्यवस्थित और मजबूत बनानी चाहिए। बिहार को समृद्ध और सक्षम बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
सीएम ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, समृद्धि के नए रास्ते तलाशने और राज्य को देश और दुनिया के बाजार से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बिहार ने देश को स्वर्णिम काल दिया है। बिहार का बजट आज 6 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है।