सॉवरेन गोल्ड बांड 2023-24 की चौथी सीरीज 12 फरवरी से 16 फरवरी, 2024 तक खुली है। बांड का मूल्य 6263 रुपये प्रति ग्राम है। इससे पहले तीसरी सीरीज में कीमत प्रति ग्राम 6199 रुपये थी।
आरबीआई ने ऑनलाइन आवेदन एवं डिजिटल भुगतान करने वाले निवेशकों को प्रति ग्राम 50 रुपये की छूट देने का निर्णय लिया है। ऐसे निवेशकों के लिए चौथी सीरीज में गोल्ड बांड का मूल्य 6213 रुपये प्रति ग्राम होगा।
गोल्ड बांड योजना की शुरुआत नवंबर 2015 में हुई थी। इसका उद्देश्य लोगों को फिजिकल सोने की खरीद को कम एवं बांड स्कीम से जोड़कर वित्तीय निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है।
बांड पर सालाना 2.5 प्रतिशत ब्याज निर्धारित है। स्कीम आठ साल के लिए है, लेकिन पांच साल के बाद इससे निकलने की सुविधा है।
कोई भी व्यक्तिगत निवेशक एवं एचयूएफ एक वित्तीय वर्ष में न्यनूतम एक ग्राम और अधिकतम चार किलो सोना के लिए निवेश कर सकते हैं। ट्रस्ट एवं अन्य संस्थानों के लिए अधिकतम खरीद सीमा 20 किलो है। निवेश से प्राप्त ब्याज पर टैक्स लगेेगा।
बांड स्कीम की खरीद कॉमर्शियल बैंक, स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन, चुनिंदा डाकघर, स्टॉक एक्सचेंज बीएसई एवं एनएसई से कर सकते हैं।